home page

सिंगरौली: बोलेरो सीख रहे नाबालिग ने छह लोगों को मारी टक्कर, दो की हालत गंभीर, भड़के ग्रामीणों ने वाहन पलटाया

 | 
सिंगरौली: बोलेरो सीख रहे नाबालिग ने छह लोगों को मारी टक्कर, दो की हालत गंभीर, भड़के ग्रामीणों ने वाहन पलटाया


सिंगरौली, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के खटखरी गांव में मंगलवार सुबह बोलेरो चलाना सीख रहे एक नाबालिग से वाहन बेकाबू हो गया। संकरी सड़क से गुजर रहे छह लोगों को बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में सभी घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने बैढ़न के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बोलेरो को पलट दिया। वहीं, वाहन चला रहा नाबालिग और उसके साथ मौजूद व्यक्ति मौके से फरार हो गए। घटना सुबह करीब 10 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, गांव के रामजन्म शाह अपने नाबालिग बच्चों को बोलेरो चलाना सिखा रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क से गुजर रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में अनिल शाह, परमानंद शाह, सुनीत शाह, अंजलि शाह, कृष्णा शाह और समयलाल शाह घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी घायल एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शी कमलेश शाह के मुताबिक, बोलेरो चलाना सीखते समय चालक वाहन संभाल नहीं पाया और सड़क से गुजर रहे छह लोगों को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि सुनीत शाह और अंजलि शाह की हालत गंभीर है। दोनों को सांस लेने में परेशानी होने की जानकारी भी सामने आई है।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने पलट दी बोलेरो

हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना से नाराज लोगों ने बोलेरो को सड़क से नीचे पलटा दिया। बताया जा रहा है कि वाहन चला रहा नाबालिग और उसके साथ बैठा व्यक्ति मौके से चले गए। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

शिकायत मिलने पर दर्ज होगी एफआईआर

खुटार चौकी प्रभारी अमन बारी ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है। घायल परिवार के लोग उन्हें अस्पताल लेकर गए हैं। परिजनों को शिकायत दर्ज कराने के लिए चौकी आने को कहा गया है। फिलहाल किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे