सीधी: खेत में धान की रोपाई के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, किसान की मौत
सीधी, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र स्थित बघोड़ी गांव में गुरुवार सुबह धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय किसान अपने खेत में अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहा था। अचानक मौसम बदलने और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से खेत में अफरा-तफरी मच गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बघोड़ी गांव निवासी 58 वर्षीय राम सुंदर पटेल, पुत्र छोटकउ पटेल, गुरुवार सुबह करीब आठ बजे अपने घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। उनके साथ करीब 14 मजदूर भी खेत में कार्यरत थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई, तभी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद खेत में काम कर रहे मजदूरों में दहशत फैल गई और सभी ने तत्काल काम बंद कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसान की मृत्यु आकाशीय बिजली गिरने से होना प्रतीत हो रही है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

