home page

इंदौरः तीन दिवसीय श्रीअन्न फूड फेस्टिवल एवं जैविक महोत्सव का शुभारंभ

 | 
इंदौरः तीन दिवसीय श्रीअन्न फूड फेस्टिवल एवं जैविक महोत्सव का शुभारंभ


इंदौरः तीन दिवसीय श्रीअन्न फूड फेस्टिवल एवं जैविक महोत्सव का शुभारंभ


- श्रीअन्न (मिलेट्स) के प्रति जन जागरुकता हेतु निकाली गई भव्य रैली

इंदौर, 12 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में ढक्कन वाला कुंआ स्थित ग्रामीण हाट बाजार में शुक्रवार को श्रीअन्न (मिलेट्स) फूड फेस्टिवल का शुभारंभ किया गया। यह महोत्सव 12 दिसम्बर से 14 दिसम्बर तक चलेगा। इसके पूर्व पूर्वान्ह में श्रीअन्न (मिलेट्स) के प्रति नागरिकों में जागरुकता बढ़ाने के उददेश्य से रीगल चौराहे से ग्रामीण हाट बाजार तक मिलेट्स जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। यह रैली रीगल चौराहे से प्रारंभ होकर आरएनटी मार्ग होते हुये जैविक महोत्सव एवं कार्यक्रम स्थल ग्रामीण हाट बाजार ढक्कन वाला कुंआ इंदौर पर पहुंची। जहां पर रोड शो का समापन किया गया और यहीं पर मिलेट्स जैविक महोत्सव का शुभारंभ महामण्डलेश्वर द्वारा किया गया।

श्रीअन्न (मिलेट) फूड फेस्टिवल का आयोजन शहरी उपभोक्ताओं में मिलेट्स के प्रति रुचि बढाने एवं उपभोग बढाने, स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरूकता बढाने, मिलेट्स के उपयोग से किस तरह निरोगी रहा जा सकता है, इन सारी चीजों का समायोजन श्रीअन्न (मिलेट) फूड फेस्टिवल एवं जैविक महोत्सव में किया जा रहा है। यहां प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। साथ ही साथ एक मिलेट्स व्यंजनों के स्टॉल लगाये गये हैं। जिनमें मिलेट्स से तैयार किये गये व्यंजन हैं, जिनका स्वाद शहरवासी ले सकते हैं। यह प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से रात्रि 9.30 बजे तक खुला रहेगा।

कार्यक्रम के शुभांरभ में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भारत सिंह पटेल, पूर्व भूमि विकास बैंक अध्यक्ष कंचन सिंह चौहान, जनक पलटा, प्रांताध्यक्ष किसान संघ महेश चौधरी, मालवा प्रांत अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पटेल, राजेन्द्र पाटीदार, घनश्याम पाटीदार, वरदराज मण्डलोई, उप संचालक कृषि सी.एल. केवडा, आत्मा परियोजना की शर्ली थामस, रश्मि प्रचंड, संदीप यादव, विजय जाट, सहायक संचालक कृषि डीएस वर्मा, अनुविभागीय कृषि अधिकारी एसआर एस्के, राहुल मालवीय, जितेन्द्र पाटीदार, आनंद ठाकुर, सी.एल. मालवीय कृषि विकास अधिकारी आदि मंच पर उपस्थित थे। मंच संचालन वैशाली मालयीन द्वारा किया गया।

महोत्सव में आये जैविक उत्पादकों के कथन

जैविक महोत्सव में नीमच जिले से आए जैविक कृषक भागीरथ नागदा ने बताया कि वे अश्वगंधा, कलौंजी, अकरकरा, गेहूँ एवं धनिया सहित विभिन्न फसलों का पूर्णतः जैविक एवं प्राकृतिक विधि से उत्पादन कर रहे हैं। वे पिछले लगभग छह वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। उन्होंने प्रदर्शनी में अश्वगंधा पाउडर प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह शुद्धत: आर्गेनिक है तथा इसका परिणाम अत्यंत उत्तम प्राप्त हो रहा है।

खुड़ैल खुर्द से अपनी जैविक उत्पादित सब्जियाँ एवं फसलें लेकर आए अजय सिंह चौहान ने जानकारी दी कि वे हरी मिर्च, अरहर, बैंगन, टमाटर सहित विभिन्न प्रकार की जैविक सब्जियों का उत्पादन करते हैं तथा इन्हीं उत्पादों के साथ वे जैविक महोत्सव में सहभागी बने हैं। उन्होंने बताया कि सब्जियों के अतिरिक्त वे जैविक पद्धति से तैयार किया गया शुद्ध मक्के का आटा, सरबती गेहूँ का आटा एवं अन्य कृषि उत्पाद भी लेकर आए हैं। चौहान ने कहा कि उनके समस्त उत्पाद पूर्णतः रसायनमुक्त एवं प्राकृतिक विधि से तैयार किए गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और पोषक सामग्री प्राप्त होती है।

जैविक महोत्सव में अपनी स्टॉल लगाये रूद्र सजीव प्राकृतिक फार्म के नवीन पटेल ने बताया कि वे कीटनाशक, केचुआ खाद, वर्मी कम्पोज्ड खाद आदि प्राकृतिक एवं जैविक तरीके से तैयार करते हैं, जो फसलों के लिए बहुत ही उपयोगी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर