home page

शिवपुरी : नाराज महिला पार्षदों का अनोखा प्रदर्शन, सीएमओ-इंजीनियर और अकाउंटेंट को बताया ‘लापता’

 | 
शिवपुरी : नाराज महिला पार्षदों का अनोखा प्रदर्शन, सीएमओ-इंजीनियर और अकाउंटेंट को बताया ‘लापता’


शिवपुरी : नाराज महिला पार्षदों का अनोखा प्रदर्शन, सीएमओ-इंजीनियर और अकाउंटेंट को बताया ‘लापता’


शिवपुरी : नाराज महिला पार्षदों का अनोखा प्रदर्शन, सीएमओ-इंजीनियर और अकाउंटेंट को बताया ‘लापता’


शिवपुरी, 3 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की करैरा नगर परिषद में अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर महिला पार्षदों ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। महिला पार्षदों ने गुरूवार को नगर परिषद कार्यालय और आसपास अधिकारियों के ‘लापता’ होने संबंधी पोस्टर लगाए। पोस्टरों में लिखा गया- “नगर की जनता बेहाल, सीएमओ एवं इंजीनियर लापता।” इस विरोध प्रदर्शन के जरिए पार्षदों ने नगर परिषद में अधिकारियों की उपलब्धता और कामकाज को लेकर सवाल उठाए।

महिला पार्षद शालिनी सोनी और खुशबू यादव ने आरोप लगाया कि नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी लंबे समय तक कार्यालय में नियमित रूप से मौजूद नहीं रहते हैं। इसके चलते आम लोगों को अपने काम और समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार नगर परिषद कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। पार्षदों का कहना है कि अधिकारियों के उपलब्ध नहीं होने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पार्षदों ने नगर परिषद में विभिन्न कार्यों को लेकर कथित कमीशन व्यवस्था का आरोप लगाते हुए भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि अलग-अलग कार्यों के लिए कथित तौर पर कमीशन तय होने की व्यवस्था है, जिसका असर आम लोगों के कामकाज पर पड़ रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

महिला पार्षदों ने कहा कि नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी यदि नियमित रूप से कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहेंगे तो आम नागरिक अपनी समस्याएं लेकर किसके पास जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ ही नगर परिषद के कामकाज में पारदर्शिता लाने की मांग की है।महिला पार्षदों के इस विरोध के बाद करैरा नगर परिषद में अधिकारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।

सीएमओ बोले- बाहर जाने से पहले वरिष्ठ अधिकारियों को देते हैं सूचना

महिला पार्षदों के आरोपों पर नगर परिषद के सीएमओ गोपाल गुप्ता ने कहा कि उनके या किसी कर्मचारी के करैरा नगर से बाहर जाने की स्थिति में इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों और नगर परिषद अध्यक्ष को दी जाती है। उन्होंने कहा कि बिना सूचना दिए अधिकारी या कर्मचारी बाहर नहीं जाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा