home page

शिवपुरीः बदरवास में विद्यार्थियों को दी गई अग्निवीर वायु भर्ती की जानकारी

 | 
शिवपुरीः बदरवास में विद्यार्थियों को दी गई अग्निवीर वायु भर्ती की जानकारी


शिवपुरीः बदरवास में विद्यार्थियों को दी गई अग्निवीर वायु भर्ती की जानकारी


शिवपुरी, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जिला शिवपुरी कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार गुरुवार को उत्कृष्ट विद्यालय बदरवास एवं श्रीकृष्ण महाविद्यालय बदरवास में भारतीय वायु सेना द्वारा अग्निवीर वायु भर्ती संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एयरमैन सिलेक्शन सेंटर भोपाल से आए वायु सेना के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को भर्ती प्रक्रिया, पात्रता एवं आवेदन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर जेडब्ल्यूओ डी.एस. मराठे एवं एसजीटी ए. शुक्ला ने बताया कि अग्निवीर वायु पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 जुलाई से 26 जुलाई 2026 तक संचालित होगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में आवेदन कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि आवेदन के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। उम्मीदवार की आयु 17.5 वर्ष से 22 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम ऊंचाई 152 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। भर्ती के लिए अविवाहित पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी पात्र होंगे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय वायु सेना में उपलब्ध अवसरों, चयन प्रक्रिया तथा राष्ट्र सेवा के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने बड़ी रुचि और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने की भावना और उत्सुकता विद्यार्थियों में स्पष्ट रूप से दिखाई दी। अधिकारियों ने युवाओं को अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा