अनूपपुर: अघोषित बिजली कटौती पर शिवसेना ने जताया विरोध, सौपा ज्ञापन
अनूपपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जमुना-कोतमा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे पर मंगलवार को शिवसेना ने मोर्चा खोलते हुए बिजली विभाग के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए 3 दिन में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
शिवसेना संभागीय अध्यक्ष पवन पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतमा सहायक उपयंत्री को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि अगर तीन दिन के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मेंटेनेंस के नाम पर बिना सूचना बिजली काटी जा रही है। भीषण गर्मी में लोगों ने पहले ही लंबे समय तक कटौती झेली थी, लेकिन सुधार के बाद भी स्थिति नहीं बदली। अब हल्की आंधी या बारिश में भी बार-बार बिजली गुल हो रही है।
शिवसेना ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि छोटे फॉल्ट के बावजूद पूरे क्षेत्र की बिजली बंद कर दी जाती है। इससे जमुना, भालूमाड़ा, 11 नंबर और कदम टोला जैसे बड़े क्षेत्रों में घंटों बिजली नहीं रहती। लगातार बिजली कटौती से बच्चों की पढ़ाई, व्यापार और अस्पतालों की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिवसेना ने कहा कि लाइनों के आसपास पेड़ों की छंटाई नहीं होने और तकनीकी सुधार की कमी के कारण बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं। इसे विद्युत अधिनियम 2003 का उल्लंघन बताया गया है। नगर प्रमुख बरकत कुरैशी ने कहा कि अगर तय समय में सुधार नहीं हुआ तो बिजली कार्यालय के बाहर उग्र धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

