श्योपुर: नाबालिग प्रेमिका संग युवक ने लगाई फांसी, जंगल में पेड़ से लटके मिले शव
श्योपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में नाबालिग प्रेमिका के साथ युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव अगरा जंगल में एक ही पेड़ से लटके मिले। दोनों के बीच 2 साल से अफेयर चल रहा था। शादी नहीं होने की वजह से सुसाइड किया है। मामला बरगवां थाना क्षेत्र का है।
मृतकों की पहचान विशन भिलाला (18) निवासी वालीहारा और सामबाई (16) निवासी कुड़ारदा के रूप में हुई है। दोनों 15 अप्रैल को अपने-अपने घरों से बिना बताए निकल गए थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। गुरुवार को सर्च अभियान के दौरान अगरा जंगल के भीतर एक पेड़ पर दोनों के शव फंदे से लटके मिले। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
दो साल से थे संबंध में
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पिछले करीब दो साल से संबंध थे। बताया जा रहा है कि वे एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे, लेकिन परिजन इसके लिए राजी नहीं थे। लड़की के नाबालिग होने के कारण कानूनी रूप से विवाह संभव नहीं था। मौके से अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि लड़की ने दुपट्टे से और युवक ने तौलिये से फांसी लगाई। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। बरगवां थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह तोमर ने बताया कि लड़की ने दुपट्टे से और लड़के ने तौलिये से फांसी लगाई है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

