अनूपपुर: शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना डाइट में अधपका नाश्ता, प्रतिभागियों में नाराजगी
अनूपपुर, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) में शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026 प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों ने नाश्ते की गुणवत्ता और मात्रा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रशिक्षणार्थियों का कहना है कि उन्हें सुबह का नाश्ता दिया जा रहा है वह न केवल अधपका और घटिया स्तर का है, बल्कि उसकी मात्रा भी बेहद कम है। आरोप है कि अतिरिक्त नाश्ता मांगने पर दोबारा देने से भी साफ इनकार कर दिया गया।
प्रशिक्षणार्थियों के अनुसार प्रशिक्षण के दौरान पूरे दिन की गतिविधियों में भाग लेने के लिए पर्याप्त एवं पौष्टिक भोजन की आवश्यकता होती है, लेकिन यहां परोस रहे नाश्ते की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। इससे प्रतिभागियों में नाराजगी बनी है जिससे व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार भोजन व्यवस्था में लापरवाही के साथ-साथ गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर संदेह जताया जा रहा है। चर्चा यह भी है कि भोजन व्यवस्था में कहीं न कहीं जिम्मेदारों की अनदेखी अथवा भ्रष्टाचार जैसी स्थिति सामने आ रही है, जिसके कारण प्रशिक्षणार्थियों को निर्धारित स्तर का भोजन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो यह मामला और गंभीर रूप ले सकता है।
पिछड़ा वर्ग विभागी की प्रमुख मंजुला सेंद्रे ने कहा कि आप फोटो भेज दे मै दिखवा देती हूं।
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कहा कि शिकायत संज्ञान में आई है मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में लापरवाही अथवा अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
अब देखना होगा कि जांच के बाद व्यवस्थाओं में सुधार होता है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह केवल आश्वासनों तक सीमित रह जाता है। फिलहाल प्रशिक्षणार्थियों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं पर्याप्त भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

