शाजापुर: सरकारी हॉस्टल के किचन में फटा प्रेशर कुकर, महिला रसोइया घायल, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
शाजापुर, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। छात्रों के लिए खाना बनाते समय गैस चूल्हे पर रखा प्रेशर कुकर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। कुकर का ढक्कन उछलकर महिला रसोइया की छाती में जा लगा, जबकि गर्म कुकर की बॉडी से उसका हाथ भी झुलस गया। घटना का पूरा घटनाक्रम छात्रावास के किचन में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। उस समय हॉस्टल की महिला कर्मचारी रामकन्या बाई छात्रों के लिए भोजन तैयार कर रही थीं। किचन में लगे सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि उन्होंने एक गैस बर्नर पर कड़ाही रखी हुई थी, जबकि दूसरे बर्नर पर दाल पकाने के लिए प्रेशर कुकर चढ़ा हुआ था। जैसे ही उन्होंने कुकर को हाथ लगाया, अचानक तेज धमाके के साथ कुकर फट गया। धमाके की आवाज से पूरा छात्रावास गूंज उठा और वहां मौजूद छात्र घबरा गए।
हादसे में कुकर का ढक्कन सीधे महिला रसोइया की छाती में आकर लगा। वहीं, गर्म धातु और भाप के संपर्क में आने से उनका हाथ भी झुलस गया। दर्द के बावजूद उन्होंने तत्काल पास रखा पानी अपने शरीर पर डालकर खुद को राहत देने की कोशिश की। धमाके की आवाज सुनकर एक छात्र तुरंत किचन में पहुंचा और सबसे पहले गैस चूल्हा बंद किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। किचन में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि सामान्य रूप से खाना बनाते समय अचानक कुकर विस्फोट हो जाता है और महिला कर्मचारी उसकी चपेट में आ जाती हैं।
हादसे के वक्त हॉस्टल में मौजूद थे 12 छात्र
घटना के समय छात्रावास में 12 छात्र मौजूद थे। हादसे के बाद छात्रावास में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छात्र अभिषेक डाबी ने बताया, “हम बाहर भोजन लेने की तैयारी कर रहे थे। अचानक जोरदार धमाका हुआ। अंदर जाकर देखा तो कुकर का ढक्कन अलग पड़ा था और गैस चूल्हा भी क्षतिग्रस्त हो गया था।”
दाल पकाते समय हुआ हादसा
घायल रामकन्या बाई ने बताया कि वह छात्रों के लिए दाल, चावल और रोटियां बना रही थीं। दाल पकाने के दौरान अचानक कुकर फट गया और वह उसकी चपेट में आ गईं। हादसे के बाद घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल के डॉ. अरुण पाटीदार ने बताया कि महिला का उपचार किया जा रहा है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

