शाजापुर: खाद-बीज की कमी को लेकर किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, मोहन बड़ोदिया में केन्द्रीय कृषि मंत्री का पुतला फूंका
शाजापुर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया में शनिवार दोपहर किसान कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला फूंका और केंद्र व मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन दोपहर करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच हुआ। किसान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाद-बीज की कमी, फसलों की खराब स्थिति और किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगाई, मौके पर मौजूद मोहन बड़ोदिया थाने के सूचना संकलन आरक्षक सूरज राठौर ने सक्रियता दिखाई। उन्होंने जलते हुए पुतले को हटाकर पास स्थित पानी की टंकी तक ले जाने का प्रयास किया, ताकि आग बुझाई जा सके। हालांकि, तब तक पुतला पूरी तरह जल चुका था।
किसानों को खाद-बीज नहीं मिलने का आरोप
किसान कांग्रेस के शाजापुर जिला अध्यक्ष कमल चौधरी ने प्रदर्शन के दौरान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश का किसान कई समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि सोयाबीन सहित अन्य फसलों की स्थिति खराब हो रही है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सरकार की नीतियों को किसान विरोधी बताते हुए उन्होंने तत्काल समस्या का समाधान करने की मांग की।
बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
कमल चौधरी ने कहा कि शनिवार का प्रदर्शन केवल सांकेतिक विरोध था। यदि जल्द ही किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध नहीं कराया गया तो किसान कांग्रेस प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में किसान कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

