शहडोल: विवाह की रस्मों के बीच दूल्हे के पिता का निधन, दुल्हन की विदाई के साथ निकली ससुर की अंतिम यात्रा
शहडोल, 29 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारु थाना क्षेत्र के ग्राम पहलवा में एक विवाह समारोह के दौरान दूल्हे के पिता की अचानक माैत हाे गई। बारातियों के साथ नाचते हुए दुल्हे के पिता अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डाॅक्टर ने जांच उपरांत उन्हें मृत घाेषित कर दिया। अचानक हुई घटना से शादी की खुशियां मना रहे परिवार में दुख छा गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पहलवा निवासी रीना सिंह का विवाह जयसिंहनगर क्षेत्र के ग्राम गजनी निवासी हरीश सिंह के साथ संपन्न हुआ था। मंगलवार रात सभी वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद बुधवार सुबह विदाई की तैयारी चल रही थी। पारंपरिक हल्दी-पानी की रस्म के दौरान दूल्हे के पिता धरमदास परस्ते (50 वर्ष) समारोह में मौजूद थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और वे अचेत होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल गोहपारु अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। निधन की खबर मिलते ही विवाह का उत्सव गहरे शोक में बदल गया। परिवार और रिश्तेदारों के लिए यह घटना बेहद दुखद और असहनीय थी।
दूल्हे हरीश सिंह के सामने एक साथ दो विपरीत परिस्थितियां थीं—एक ओर विवाह की नई शुरुआत, तो दूसरी ओर पिता का अंतिम विदा। समाज के लोगों ने परिजनों को संभालते हुए अंतिम संस्कार की तैयारी में सहयोग किया।
विदाई और अंतिम विदाई एक साथ
परिस्थितियां ऐसी बनीं कि नई दुल्हन की विदाई और दिवंगत की अंतिम यात्रा लगभग एक ही समय में संपन्न हुई। जिस आंगन से दुल्हन की डोली उठी, वहीं से परिवार के मुखिया की अर्थी भी निकली। यह दृश्य उपस्थित लोगों को भावुक कर गया। इस घटना के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने इसे अत्यंत दुखद संयोग बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मृत्यु का कारण अचानक स्वास्थ्य संबंधी समस्या माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

