home page

शहडोल: झमाझम बारिश के बावजूद बाणसागर डैम प्यासा, 18 प्रतिशत हिस्सा अभी भी खाली

 | 
शहडोल: झमाझम बारिश के बावजूद बाणसागर डैम प्यासा, 18 प्रतिशत हिस्सा अभी भी खाली


शहडोल, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में लगातार बारिश के बावजूद बाणसागर डैम अभी पूरी तरह नहीं भर पाया है। 23 अगस्त की रिपोर्ट के अनुसार, डैम 82 प्रतिशत भर चुका है, लेकिन इसका 18 प्रतिशत हिस्सा अभी भी खाली है।

पिछले दो दिनों में, 21 अगस्त दोपहर से 23 अगस्त सुबह तक, जलाशय का भराव केवल 6.34 प्रतिशत बढ़ा है। 21 अगस्त को दोपहर 12 बजे बाणसागर का जलस्तर 339.28 मीटर और लाइव स्टोरेज 4108.06 मिलियन क्यूबिक मीटर (MCM) दर्ज किया गया था। 23 अगस्त सुबह 8 बजे तक यह बढ़कर 340.05 मीटर और 4452.71 एमसीएम हो गया। इस प्रकार, लगभग 44 घंटों में जलस्तर में 3 (इंच) 77 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे डैम में 344.65 एमसीएम पानी बढ़ा।

दो दिन में कम पानी की आवक

डैम में पानी की आवक में कमी आई है। 21 अगस्त को दोपहर 12 बजे आवक 3519.43 क्यूमेक्स थी, जो 23 अगस्त सुबह 8 बजे घटकर 2152.30 क्यूमेक्स रह गई। दो दिनों में पानी की आवक में लगभग 1367 क्यूमेक्स की कमी दर्ज की गई है।

हालांकि, वर्तमान आवक अभी भी डैम से बाहर निकल रहे पानी की मात्रा से काफी अधिक है। 23 अगस्त को कुल आउटफ्लो केवल 110.40 क्यूमेक्स दर्ज किया गया। 21 अगस्त को यह 91.45 क्यूमेक्स था।

हेड रेगुलेटर से पानी का डिस्चार्ज जीरो

वर्तमान में, पावर हाउस-III से 103.40 क्यूमेक्स, जबकि राइट बैंक कैनाल (RBC) और भितरी से 1-1 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। स्पिलवे और सेंट्रल वाटर कमीशन (CWC) हेड रेगुलेटर से पानी का डिस्चार्ज शून्य है। डैम के सभी रेडियल गेट बंद रखे गए हैं।

बाणसागर का पूर्ण जलाशय स्तर (FRL) 341.64 मीटर निर्धारित है। वर्तमान जलस्तर 340.05 मीटर है, जो एफआरएल से 1.59 मीटर नीचे है। इसी कारण लगातार बारिश के बावजूद स्पिलवे से पानी छोड़ने की स्थिति नहीं बनी है और सभी रेडियल गेट बंद हैं।

बारिश के आंकड़े

21 अगस्त को डैम क्षेत्र में 8.89 मिमी बारिश दर्ज हुई थी और संचयी बारिश 649.67 मिमी थी। 23 अगस्त तक संचयी बारिश बढ़कर 695.13 मिमी हो गई है। यानी दो दिनों में संचयी बारिश में करीब 45.46 मिमी की वृद्धि हुई। इसके बावजूद जलाशय में भराव 100तक नहीं पहुंचा है।

पिछले साल से अभी भी 89 सेमी कम जलस्तर

23 अगस्त 2025 को बाणसागर का जलस्तर 340.94 मीटर था। इस साल इसी तारीख को जलस्तर 340.05 मीटर है। यानी पिछले साल की तुलना में इस बार जलस्तर 89 सेंटीमीटर कम है। हालांकि इस साल पिछले दो दिनों में तेजी से पानी बढ़ा है, लेकिन डैम को FRL तक पहुंचने के लिए अभी 1.59 मीटर और पानी की जरूरत है।

लगातार बारिश से ही भरेगा डैम

अभी सबसे बड़ा सवाल यह है कि बारिश और कैचमेंट से आने वाले पानी की आवक अगले कुछ दिनों तक कितनी बनी रहती है। फिलहाल 18 क्षमता खाली है और पानी की आवक 2152 क्यूमेक्स है। यदि लगातार बारिश के साथ आवक इसी तरह बनी रहती है तो जलस्तर और बढ़ सकता है, लेकिन आवक घटने पर डैम के पूरी तरह भरने में समय लगेगा।

---------------

मीनष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला