home page

भीषण गर्मी में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, 100 से ज्यादा बकायादारों के कटे कनेक्शन

 | 
भीषण गर्मी में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, 100 से ज्यादा बकायादारों के कटे कनेक्शन


दतिया, 22 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच मध्य प्रदेश के दतिया शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बड़े बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। चलाए गए विशेष अभियान के दौरान शहरभर में 100 से अधिक बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए।

बिजली विभाग द्वारा गठित पांच विशेष टीमें शुक्रवार सुबह से ही अधिकारियों के नेतृत्व में शहर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय रहीं। अभियान के तहत दिनारा रोड, एकता नगर, गांधी रोड, पंचशील कॉलोनी और बुंदेल कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों में बकाया राशि नहीं चुकाने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान विभाग के महाप्रबंधक कौशिक स्वयं मौके पर पहुंचे और डिस्कनेक्शन टीमों की कार्रवाई का निरीक्षण किया। उन्होंने उपभोक्ताओं से बातचीत करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में सुचारु विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्व वसूली बेहद जरूरी है।

उन्होंने उपभोक्ताओं से जल्द बकाया बिल जमा करने की अपील की और चेतावनी दी कि भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ विद्युत विच्छेदन के साथ विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत कुर्की, बैंक खाते सीज करने और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

निरीक्षण के दौरान विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। वरिष्ठ कार्यालय से मिले निर्देशों के अनुसार औद्योगिक श्रेणी के बड़े बकायादारों के कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काटने के आदेश भी दिए गए हैं।

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा। साथ ही उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा कर कार्रवाई से बचने और शहर की बिजली व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा