home page

मुरैना में एनएच-44 पर पांच वाहनों की भीषण भिड़ंत, टैंकर चालक गंभीर घायल, हाईवे पर लगा लंबा जाम

 | 
मुरैना में एनएच-44 पर पांच वाहनों की भीषण भिड़ंत, टैंकर चालक गंभीर घायल, हाईवे पर लगा लंबा जाम


मुरैना, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सुबह करीब 6 बजे पांच वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि अन्य वाहनों के चालक सुरक्षित हैं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह नेशनल हाईवे-44 पर एक डंपर खड़ा हुआ था। इसी दौरान तेज गति से आ रहा टैंकर अनियंत्रित होकर डंपर में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि टैंकर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान टैंकर के पीछे आ रहा ट्रक और ट्रैक्टर भी एक के बाद एक आपस में टकरा गए। इस तरह कुल पांच वाहन हादसे की चपेट में आ गए। टक्कर के कारण वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।

हादसे के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों के फंसने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने का काम शुरू कराया, ताकि हाईवे पर यातायात बहाल किया जा सके। सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि हाईवे पर पांच वाहन आपस में टकराए हैं। हादसे में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि अन्य वाहनों के चालक सुरक्षित हैं। पुलिस मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने और यातायात सामान्य कराने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे