निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन के लिए दतिया विधानसभा क्षेत्र से बदले गए सात पुलिस अधिकारी
- निर्वाचन आयोग के निर्देशों के पालन में पुलिस मुख्यालय ने जारी किए नवीन पदस्थापना आदेश
भोपाल, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा दतिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-22 के उपचुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सात निरीक्षक एवं उप निरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारियों को दतिया विधानसभा क्षेत्र से अविलंब अन्यत्र पदस्थापित करने के निर्देश जारी किए गए थे। निर्देशों के परिपालन में पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा उक्त सात पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण पुलिस मुख्यालय भोपाल में करते हुए उनके स्थान पर अन्य पुलिस अधिकारियों की पदस्थापना कर दी गई है।
जनसंपर्क अधिकारी आर.आर. पटेल ने रविवार को बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार अजाक थाना दतिया में पदस्थ निरीक्षक केहरी परिहार के स्थान पर पुलिस मुख्यालय से निरीक्षक मेलीराम उइके की पदस्थापना की गई है। इसी प्रकार थाना सिविल लाइन दतिया में पदस्थ उप निरीक्षक अमित ओसारे के स्थान पर उप निरीक्षक अशोक नगर भोजराम भगत, थाना बड़ौनी में पदस्थ उप निरीक्षक नीरज कुमार के स्थान पर उप निरीक्षक भिंड कौशलेन्द्र सिंह गुर्जर, थाना जिगना में पदस्थ उप निरीक्षक रचना माहौर के स्थान पर उप निरीक्षक ग्वालियर राजीव बिरथरे, थाना गोराघाट में पदस्थ उप निरीक्षक अर्चना पाल के स्थान पर उप निरीक्षक ग्वालियर बलराम मांझी, थाना धीरपुरा में पदस्थ उप निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह जाट के स्थान पर उप निरीक्षक अशोक नगर भुवनेश शर्मा तथा थाना बड़ौनी में पदस्थ उप निरीक्षक हरिओम शर्मा के स्थान पर उप निरीक्षक ग्वालियर हरिकेश बघेल की पदस्थापना की गई है।
सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

