सागरः 'सेवा संकल्प यात्रा' पहुंची राहतगढ़, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया भव्य स्वागत
सागर, 26 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात (जन्मस्थली) से वाराणसी (कर्मस्थली) तक निकाली जा रही विशेष 'सेवा संकल्प यात्रा' शनिवार को मध्य प्रदेश के सागर जिले के राहतगढ़ पहुंची। गुजरात से आए लगभग 50 युवाओं के दल का राहतगढ़ आगमन पर प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने आत्मीय स्वागत किया।
इस दौरान गुजरात से आए राज्यसभा सांसद मुकेश जी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, यात्रा प्रभारी यश अग्रवाल, सुखदेव मिश्रा, वीरेंद्र पाठक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और हजारों क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यह यात्रा केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि जन-जन तक सेवा, समरसता और विकसित भारत के संकल्प को पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में सेवा और सुशासन की एक नई कार्यसंस्कृति स्थापित की है, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
यात्रा में शामिल 'समरसता कलश' का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि इसमें देश की विभिन्न पवित्र नदियों का जल एकत्रित किया गया है। जिस प्रकार अलग-अलग नदियां मिलकर एक विशाल और शक्तिशाली प्रवाह बनती हैं, उसी प्रकार भारत के नागरिकों को भी जाति, धर्म और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर एक साथ आगे बढ़ना होगा। यही सामाजिक समरसता 2047 के 'विकसित भारत' की वास्तविक नींव है।
मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तय किए गए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। आज का युवा आत्मनिर्भर है और राष्ट्र निर्माण में तकनीक, नवाचार व समाजसेवा के माध्यम से योगदान दे रहा है। उन्होंने यात्रा में शामिल युवाओं से अपील की कि वे अपने मार्ग में स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, महिला सम्मान और डिजिटल जागरूकता का संदेश भी फैलाएं।
कार्यक्रम में गुजरात के राज्यसभा सांसद मुकेश जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बनाई है। विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए 'विकसित मध्य प्रदेश' का निर्माण आवश्यक है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का सार्वजनिक कार्यकाल पूर्णतः जनकल्याण को समर्पित रहा है। वे स्वयं को 'प्रधान सेवक' मानकर देश की दशा और दिशा बदलने का काम कर रहे हैं।
राहतगढ़ में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने यात्रा में शामिल सभी युवाओं से व्यक्तिगत संवाद किया, उनके अनुभवों को सुना और यात्रा के उद्देश्यों की सराहना की। उन्होंने अंत में कहा कि सेवा का भाव किसी एक दिन या अभियान तक सीमित न रहकर हमारे जीवन का संस्कार बनना चाहिए। समाज के अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस सेवा संकल्प अभियान की असली सार्थकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

