home page

आगरमालवा : जनसेवा से जनभागीदारी तक पहुंचेगा सेवा संकल्प अभियान : लता वानखेड़े

 | 
आगरमालवा : जनसेवा से जनभागीदारी तक पहुंचेगा सेवा संकल्प अभियान : लता वानखेड़े


आगरमालवा, 08 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रभारी, सांसद एवं उज्जैन संभाग प्रभारी डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की शक्ति और प्रभाव लगातार बढ़ा है। अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाएं और सेवा कार्यों में अधिक से अधिक लोगों को सहभागी बनाएं।

डॉ. वानखेड़े मंगलवार को आगरमालवा जिला मुख्यालय पर भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक एवं सेवा संकल्प अभियान के संबंध में आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सेवा, संगठन और जनसंपर्क के माध्यम से अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। केंद्र सरकार के कार्यकाल में आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शहर से गांव और गांव से टोले-मजरे तक पात्र हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा लाभ दिलाने में सहयोग किया जाए। जनसेवा के माध्यम से सरकार और संगठन के कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं का प्रमुख दायित्व है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी महेश शर्मा ने बताया कि कार्यशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई चौहान, विधायक मधु गेहलोत, दिलीप सकलेचा, गोविंदसिंह बरखेड़ी, करणसिंह यादव, कैलाश गवली, लालजीराम मालवीय, बद्रीलाल सोनी, कैलाश कुंभकार, भेरूसिंह चौहान, हरिनारायण यादव सहित अन्य पदाधिकारी मंचासीन रहे।

कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पूजन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विविध आयोजन

भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. राहुल जैन ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा चित्र’ एवं चित्रकला प्रतियोगिता, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी-सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग’, ‘नवाचार चुनौती’, ‘जनसेवा का महाकुंभ-पंचायत से संसद’ और ‘25 साल-25 कहानी’ सहित अनेक कार्यक्रम शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के सभी कार्यक्रमों के संचालन के लिए मंडल स्तर पर टोली और अभियान प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। कार्यकर्ताओं को इन आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और सेवा गतिविधियों को व्यापक जनभागीदारी में बदलने की जिम्मेदारी दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा