home page

सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : अजय जामवाल

 | 
सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : अजय जामवाल


हरदा में भाजपा की बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने कहा- जनभागीदारी से सेवा कार्यों को बनाएं जनअभियान

हरदा/भोपाल, 19 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शनिवार को हरदा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान की गतिविधियों को बूथ और मंडल स्तर तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को सेवा एवं जनभागीदारी के कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया।

अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा मध्यप्रदेश द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेशभर में जनसेवा, रचनात्मक गतिविधियों, नवाचार और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करें और इसकी गतिविधियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं। बूथ और मंडल स्तर पर लोगों की सहभागिता बढ़ने से अभियान को व्यापक रूप दिया जा सकेगा।

3.55 करोड़ से अधिक दीप जलाने का दावा

अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर की शाम मध्यप्रदेश में 3 करोड़ 55 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। उज्जैन में महाकाल लोक और शिप्रा तट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में 33.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। पार्टी के अनुसार इस आयोजन को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। प्रदेश के 118 प्रमुख स्थानों समेत 650 से अधिक स्थानों पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

292 रक्तदान शिविर, 25 हजार यूनिट का लक्ष्य

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर में 292 रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी ने इन शिविरों के माध्यम से 25 हजार से अधिक यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा है। जामवाल ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान जैसे सेवा कार्यों से जोड़ने की अपील की।

50 हजार स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं

अजय जामवाल ने बताया कि ‘विकसित भारत-2047’ विषय पर प्रदेश के 50 हजार से अधिक विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों की रचनात्मक भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ अभियान के तहत 7 अक्टूबर तक प्रदेशभर में करीब 11 हजार स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। पार्टी के अनुसार स्थानीय कलाकार स्थानीय भाषाओं में प्रमुख स्थानों, चौपालों और शिक्षण संस्थानों के आसपास प्रस्तुतियां देंगे। इनमें प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सरकार की योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की जाएगी।

कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे समाज के प्रति सेवा और जिम्मेदारी के संकल्प के रूप में आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने और सेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने का आह्वान किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुराम चौधरी, पूर्व मंत्री कमल पटेल, जिला अध्यक्षराजेश वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता संजय शाह और पूर्व जिला अध्यक्ष अमर सिंह मीणा सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे