home page

सेवा दूत अभियान से बूथ स्तर तक पहुंचाएंगे सरकार की योजनाएं और उपलब्धियां: हेमंत खण्डेलवाल

 | 
सेवा दूत अभियान से बूथ स्तर तक पहुंचाएंगे सरकार की योजनाएं और उपलब्धियां: हेमंत खण्डेलवाल


जबलपुर/भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने शुक्रवार को जबलपुर संभागीय कार्यालय में सेवा दूत अभियान के तहत आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित किया। इसमें जबलपुर, सागर, रीवा, छिंदवाड़ा और शहडोल संभाग के सेवा दूतों एवं विधानसभा समन्वयकों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना और बूथ स्तर तक संगठन की गतिविधियों को पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार समर्पित कार्यकर्ता और समाज के प्रति उनकी सेवा भावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुरू किया गया सेवा दूत अभियान उनके सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। अभियान के जरिए कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आगामी 25 दिनों में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। सेवा, संगठन विस्तार, सकारात्मक नैरेटिव निर्माण और निष्क्रिय बूथों को सक्रिय करना इसके चार प्रमुख उद्देश्य हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच पहुंचकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों और आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने की बात भी कही।

1313 मंडलों और 71 हजार बूथों तक पहुंचेगा अभियान

हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संचालित होने वाले इस अभियान के माध्यम से 1313 मंडलों और करीब 71 हजार बूथों तक सेवा, संवाद और संगठन का संदेश पहुंचाया जाएगा। सेवा दूत औसतन प्रत्येक मंडल में पांच दिन प्रवास करेंगे। दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में जाकर 25 दिन संगठन के लिए समर्पित करना कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि सेवा दूत आयुष्मान भारत, सिकल सेल उन्मूलन, टीबी मुक्त भारत, नशामुक्ति, स्वच्छता और दिव्यांगजनों के सम्मान जैसे विषयों पर जनभागीदारी बढ़ाने का काम करेंगे। उनकी जिम्मेदारी केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में 11वें स्थान पर था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पांचवें और फिर चौथे स्थान तक पहुंचा है तथा तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

कार्यकर्ता निर्माण और सामाजिक सहभागिता पर जोर

प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि सेवा दूत अभियान केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य समाज की वास्तविक जरूरतों को समझना और जनभागीदारी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाना है। सेवा दूत विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास के दौरान आमजन से आत्मीय संवाद करें, उनकी समस्याएं और सुझाव समझें तथा उनके समाधान के लिए पहल करें।

उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार का देश बनाना है, उसी अनुरूप दल और कार्यकर्ताओं का निर्माण करना होगा। भाजपा कार्यकर्ताओं का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में योगदान देना है। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल पर परिवारवाद, जातिवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की संगठनात्मक यात्रा विचार और कार्यकर्ता आधारित रही है।

प्रदेश संगठन महामंत्रीने कहा कि सेवा दूत गरीब कल्याण और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों के साथ मंडल एवं बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित कर संगठन को सक्रिय करेंगे। साथ ही सरकार की योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को जनता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों और कथित भ्रामक नैरेटिव का जवाब तथ्यों के साथ जनता के बीच दिया जाना चाहिए।

उन्होंने नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, पौधारोपण, शिक्षा, स्वास्थ्य शिविर और युवा संवाद जैसी गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच निरंतर संवाद और सहभागिता से ही अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ ने पीपीटी के माध्यम से अभियान की कार्ययोजना और प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन मेला एवं तीर्थ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोंटिया ने किया, जबकि आभार अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम ने व्यक्त किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी और प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव सिरोठिया सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे