home page

वरिष्ठजनों के अनुभवों से संगठन को मिलती है नई दिशा: चन्द्रशेखर

 | 
वरिष्ठजनों के अनुभवों से संगठन को मिलती है नई दिशा: चन्द्रशेखर


-भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री ने छिंदवाड़ा में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, निर्माणाधीन भाजपा कार्यालय का भी किया निरीक्षण

भोपाल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा में वरिष्ठजनों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभवों और सुझावों को सुना तथा संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। बैठक के बाद उन्होंने वीआईपी रोड स्थित खजरी चौक पर निर्माणाधीन भाजपा जिला कार्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए चन्द्रशेखर ने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव, मार्गदर्शन और संगठन के प्रति समर्पण पार्टी की अमूल्य धरोहर है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने अपने लंबे राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव और निरंतर परिश्रम से संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अनुभवों से संगठन को नई दिशा मिलती है और युवा कार्यकर्ताओं को जनसेवा के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती समर्पित कार्यकर्ताओं, अनुभवी मार्गदर्शकों और आपसी समन्वय पर निर्भर करती है। वरिष्ठजनों और युवा कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग से संगठन को नई ऊर्जा मिलती है। वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन नई पीढ़ी को पार्टी की विचारधारा, परंपराओं और कार्यशैली से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण है। उनके अनुभवों और सुझावों के आधार पर संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

चन्द्रशेखर ने वरिष्ठजनों से संगठन की कार्यप्रणाली और विभिन्न गतिविधियों से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं का सामूहिक प्रयास और एकजुटता जरूरी है। बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, जिला प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, सांसद विवेक बंटी साहू और जिला अध्यक्ष शेषराव यादव मंचासीन रहे।

निर्माणाधीन कार्यालय का लिया जायजा

वरिष्ठजनों के साथ बैठक के बाद प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने वीआईपी रोड, खजरी चौक स्थित निर्माणाधीन भाजपा जिला कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और निर्धारित समय-सीमा में बेहतर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नए कार्यालय के तैयार होने से जिले में संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिलेगी। कार्यालय पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जहां संगठनात्मक बैठकें, संवाद कार्यक्रम और आगामी गतिविधियों की योजनाएं व्यवस्थित रूप से संचालित की जा सकेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे