home page

सेंधवा के बिजासन घाट पर ट्रेलर से टकराया ट्रक, दोनाें चालकों की मौत, एक घंटे चला रेस्क्यू अभियान

 | 
सेंधवा के बिजासन घाट पर ट्रेलर से टकराया ट्रक, दोनाें चालकों की मौत, एक घंटे चला रेस्क्यू अभियान


सेंधवा, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सेंधवा मे मुंबई–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार दोपहर बिजासन घाट के ‘ब्लैक स्पॉट’ क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घाट के डबल पुलिया के बीच एक ट्रक आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गया, जिसमें दो चालकों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक टीएन 88 एम 1053 घाट उतर रहा था, तभी पीछे से आ रहा ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचएच 8867 तेज रफ्तार में उससे जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों चालक केबिन में बुरी तरह फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही बिजासन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को बाहर निकाला जा सका।

एक चालक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

पुलिस ने एक घायल चालक को तत्काल हाईवे पेट्रोलिंग वाहन से अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे चालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए गए हैं। मृतकों में से एक की पहचान जगन्नाथ पुत्र मगनजी दांगी, निवासी लाहौरिया (जिला शाजापुर) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

ब्लैक स्पॉट पर फिर सामने आया हादसा

बिजासन घाट का यह क्षेत्र पहले से ही ‘ब्लैक स्पॉट’ के रूप में चिन्हित है, जहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया, जिससे नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित नहीं हुआ और वाहनों की आवाजाही सामान्य बनी रही। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दूसरे मृतक की पहचान के लिए परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे