राजगढ़ः लॉटरी से चुने गए 36 युवा जाएंगे अंतरराष्ट्रीय सीमा की अनुभव यात्रा पर
राजगढ़, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से संचालित ‘मां तुझे प्रणाम’ योजना के तहत रविवार को जिला स्तरीय चयन समिति ने लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से 21 युवक और 15 युवतियों का चयन किया। चयनित प्रतिभागियों को योजना के तहत भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमा की अनुभव यात्रा पर भेजा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी की अध्यक्षता में आयोजित चयन प्रक्रिया में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण किया गया। इसके बाद पात्र आवेदकों में से लॉटरी के जरिए प्रतिभागियों का चयन किया गया। प्रक्रिया में जिला स्तरीय चयन समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
‘मां तुझे प्रणाम’ योजना का उद्देश्य युवाओं को देश की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं और वहां तैनात सैनिकों के जीवन से परिचित कराना है। अनुभव यात्रा के दौरान चयनित युवक-युवतियों को जवानों की दिनचर्या, कर्तव्यों और देश की सुरक्षा के लिए किए जाने वाले प्रयासों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया के दौरान डिप्टी कलेक्टर निधि भारद्वाज, जिला खेल अधिकारी उमा पटेल, प्रभारी एनएसएस डॉ. शैलेन्द्र मेवाड़े, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेन्द्र परमार, स्काउट-गाइड प्रभारी डालचंद सौजनिया, नेहरू युवा केंद्र प्रभारी हिना खान और जिला खेल प्रशिक्षक कल्पना भंडारी सहित खेल विभाग के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

