home page

सीहोर: मुरम खदान के पानी में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत, तीन को बचा लिया गया

 | 
सीहोर: मुरम खदान के पानी में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत, तीन को बचा लिया गया


सीहोर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा क्षेत्र में शनिवार को एक बेहद दुखद घटना सामने आई। जहां ग्राम बागेर स्थित एक मुरम खदान के गहरे पानी में नहाने गए दो 12 वर्षीय बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि उनके तीन साथियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब ग्राम बापचा के रहने वाले पांच बच्चे नहाने के लिए पास के ही ग्राम बागेर में स्थित एक मुरम खदान पहुंचे थे। बारिश के कारण इस खदान में भारी मात्रा में पानी भरा हुआ था और एक गहरा गड्ढा बन चुका था। पांचों बच्चे पानी में उतरकर नहा रहे थे, कि तभी अचानक नहाते-नहाते दो बच्चे अनजाने में गहरे पानी की तरफ चले गए। पानी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों बच्चे खुद को संभाल नहीं पाए और देखते ही देखते पानी में डूब गए।

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों बच्चों की पहचान समर (12 वर्ष) पुत्र जितेंद्र निवासी बापचा दोनिया और समर (12 वर्ष) पुत्र संतोष निवासी बापचा के रूप में हुई है। घटना की सूचना लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को पानी से बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिजन दोनों मासूमों को तुरंत आष्टा के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम भी अस्पताल और मौके पर पहुंच गई। आष्टा सिविल अस्पताल के बीएमओ डॉ. अमित माथुर ने बताया कि डूबने के कारण दोनों बच्चों की मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में गहरी शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत