home page

सीहोरः राजस्व मंत्री वर्मा ने की विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए ईमानदारी से कार्य करने के निर्देश

 | 
सीहोरः राजस्व मंत्री वर्मा ने की विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए ईमानदारी से कार्य करने के निर्देश


- सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलेः राजस्व मंत्री वर्मा

सीहोर, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने गुरुवार को सीहोर जनपद कार्यालय में बैठक आयोजित कर विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों तथा शासकीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी कार्य ईमानदारी और जिम्मेदारी से करने के निर्देश दिए।

बैठक में सड़क निर्माण, पुलिया निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है।

मंत्री वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं पुलिया निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। सभी ग्रामों की आवश्यकताओं के अनुसार सड़कों के प्रस्ताव तैयार कर भेजे जाएं, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके। उन्होंने सभी सरपंचों से ग्रामों में स्वीकृत विकास कार्यों को समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जनसमस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें।

राजस्व मंत्री ने स्वामित्व योजना के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि ग्रामों की चौपाल में योजना की जानकारी ग्रामीणों को दी जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में पहुंचकर नागरिक विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रतानुसार उनका लाभ लें। सभी अधिकारी-कर्मचारी मिलकर जनहित में बेहतर कार्य करें, जिससे आमजन को योजनाओं और विकास कार्यों का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

राजस्व मंत्री वर्मा ने सांसद खेल महोत्सव के आयोजन के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। सांसद खेल महोत्सव का आयोजन अच्छे और व्यवस्थित तरीके से किया जाए तथा अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन की तैयारियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में जनपद सीईओ नमिता बघेल, सीहोर जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि सूर्य सिंह बारेला, शंकर पटेल, द्वारका प्रसाद सहित विकासखंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर