home page

सीहोर : बारिश से पहले नगर पालिका का अभियान, जर्जर और खतरनाक मकान किए ध्वस्त

 | 
सीहोर : बारिश से पहले नगर पालिका का अभियान, जर्जर और खतरनाक मकान किए ध्वस्त


सीहोर, 16 जून (हि.स.)। आगामी वर्षा ऋतु के मद्देनजर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मध्य प्रदेश के सीहोर नगर पालिका ने जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चिन्हित किए गए जर्जर मकानों को नगर पालिका अमले ने ध्वस्त कर दिया।

नगर पालिका के प्रभारी राजस्व अधिकारी संजय शुक्ला ने बताया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सुधीर सिंह के निर्देश पर बारिश से पहले यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान पुराने और क्षतिग्रस्त भवनों के गिरने की आशंका बनी रहती है, जिससे जनहानि और संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है। इसी खतरे को देखते हुए तकनीकी निरीक्षण के बाद अत्यधिक जर्जर भवनों को हटाने की कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि पूर्व में चरखा लाइन क्षेत्र में एक जर्जर मकान के क्षतिग्रस्त होने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी है। इसके अलावा शहर के कई हिस्सों में ऐसे भवन चिन्हित किए गए हैं, जो लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं। इसी कड़ी में हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में लगभग एक दर्जन जर्जर मकानों पर कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के सहायक यंत्री विजय कोली, वैभव लोवनिया, अतिक्रमण प्रभारी तिलक वर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि भवन मालिकों को पहले ही नोटिस जारी कर मरम्मत या भवन हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा के बाद भी सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई।

नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई भवन जर्जर अवस्था में है तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। साथ ही भवन स्वामियों से पुराने और क्षतिग्रस्त मकानों की समय रहते मरम्मत कराने का आग्रह किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वर्षा काल में संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा