home page

सीहोरः मंत्री प्रहलाद पटेल ने नर्मदा गुंजारी घाट पर किया श्रमदान

 | 
सीहोरः मंत्री प्रहलाद पटेल ने नर्मदा गुंजारी घाट पर किया श्रमदान


- नदियाँ केवल जलधाराएं नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता और संस्कृति की जीवनरेखा हैं: मंत्री पटेल

सीहोर, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शनिवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बुधनी जनपद के ग्राम जोशीपुर में गुंजारी नर्मदा संगम घाट पर चल रहे स्वच्छता सेवा कार्य में श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने दादा गुरुजी से भी भेंट की। दादा गुरुजी ने मिट्टी के औषधीय गुणों पर प्रकाश डालते हुए सभी को प्रकृति से जुड़ने का संदेश दिया।

मंत्री पटेल ने “जल गंगा संवर्धन अभियान” को एक निरंतर चलने वाला जनआंदोलन बताते हुए कहा कि यह प्रयास किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि संगम स्थलों की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण के कार्य नियमित रूप से जारी रखें। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि नदियाँ केवल जलधाराएं नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता और संस्कृति की जीवनरेखा हैं, जिनकी पवित्रता बनाए रखना हम सभी का साझा दायित्व है। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष महेंद्र सिंह शर्मा, एसडीएम दिनेश सिंह तोमर, तहसीलदार ललित सोनी, जनपद सीईओ सुप्रिया दुफरे सहित अन्य अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर