home page

सीहोर में धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, महिला की मौत, 30 से अधिक घायल

 | 
सीहोर में धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, महिला की मौत, 30 से अधिक घायल


सीहोर, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की रेहटी तहसील में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां भैसान गांव के पास धान रोपाई के लिए खेतों की ओर जा रही मजदूरों से भरी एक ओवरलोड पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक मजदूर घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन में 40 से अधिक मजदूर सवार थे, जबकि यह मालवाहक वाहन था और उसमें इतनी संख्या में यात्रियों को बैठाना मोटर वाहन अधिनियम के नियमों के विरुद्ध है। बताया जा रहा है कि क्षमता से अधिक सवारियां होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल मजदूरों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घायलों में महिलाएं, बच्चे और नाबालिग भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को भेरुंदा अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम भैसान के पास मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अनीता पत्नी पतिराम, निवासी भिलाई की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों को उपचार के लिए भेरुंदा अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

धान रोपाई के मौसम में बढ़ता है खतरा

इन दिनों क्षेत्र में धान रोपाई का काम तेज़ी से चल रहा है। चकल्दी, लाड़कुई और आसपास के आदिवासी इलाकों से बड़ी संख्या में मजदूरों को खेतों तक पहुंचाने के लिए मालवाहक पिकअप वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है। आरोप है कि इन वाहनों में अक्सर निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक मजदूरों को बैठाया जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से ओवरलोड पिकअप वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं, लेकिन न तो परिवहन विभाग और न ही पुलिस इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करती है। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते सख्ती बरती जाती, तो इस तरह की दर्दनाक दुर्घटना टाली जा सकती थी। अब पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ ही वाहन चालक की भूमिका और ओवरलोडिंग के पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे