home page

सीहोर: नालों की सफाई नहीं होने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, परिषद कार्यालय के बाहर डाला कचरा

 | 
सीहोर: नालों की सफाई नहीं होने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, परिषद कार्यालय के बाहर डाला कचरा


सीहोर, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहाेर जिले की इछावर नगर परिषद क्षेत्र में नालों की सफाई और अधूरे विकास कार्यों को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पहले नाले के पास धरना दिया, फिर स्वयं नाले में उतरकर सफाई की और निकाला गया कचरा परिषद कार्यालय के बाहर डालकर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती और वार्ड क्रमांक-15 के पार्षद जुनैद खान ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नाले में उतरकर की सफाई, फिर परिषद कार्यालय पहुंचे

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नगर के कई क्षेत्रों में वर्षों से नालों की समुचित सफाई नहीं कराई गई है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या बढ़ जाती है। विरोध स्वरूप कार्यकर्ताओं ने नाले में उतरकर सफाई की और वहां से निकला कचरा वाहन में भरकर नगर परिषद कार्यालय पहुंचाया। बाद में कार्यालय के बाहर कचरा डालकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने कहा कि नगर परिषद को प्राथमिकता के आधार पर अधूरे निर्माण कार्य पूरे कराने और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिक लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

वार्डवासियों को जलभराव और गंदगी की समस्या

पार्षद जुनैद खान ने बताया कि वार्ड क्रमांक-15 सहित आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से नालों की सफाई नहीं हुई है। हल्की बारिश में ही नाले ओवरफ्लो होने लगते हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों और रिहायशी इलाकों में फैल जाता है। इससे लोगों को बदबू, मच्छरों और जलभराव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नगर परिषद को कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों और ज्ञापनों के बावजूद न तो सफाई व्यवस्था में सुधार हुआ और न ही लंबित निर्माण कार्य पूरे किए गए। उन्होंने कहा कि यदि नगर परिषद ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो आगामी दिनों में जनआंदोलन को और तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे