सीहोर: प्रतिबंध के बाद भी बन रहा था एनालॉग पनीर, डेयरी से 25 क्विंटल जब्त, खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
सीहोर, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहाेर जिले में एनालॉग पनीर के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद पचामा गांव स्थित रुद्रांश डेयरी में इसका उत्पादन जारी था। खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार देर रात डेयरी पर छापा मारकर करीब 25 क्विंटल एनालॉग पनीर जब्त किया। कार्रवाई के दौरान पनीर के पैकेट पर कंपनी और उत्पाद का नाम दर्ज नहीं होने सहित लेबलिंग से जुड़ी कई अनियमितताएं भी सामने आईं। बड़ी मात्रा में नमक और शक्कर भी मौके से मिली है।
कार्रवाई संभागीय उड़नदस्ता भोपाल और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग सीहोर की संयुक्त टीम ने की। संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी पंकज श्रीवास्तव के अनुसार खाद्य आयुक्त को सीहोर में नकली और एनालॉग पनीर बनाए जाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद टीम ने रुद्रांश डेयरी में दबिश दी।
पैकेट पर कंपनी और उत्पाद का नाम तक नहीं
जांच के दौरान अधिकारियों को पनीर निर्माण में कई खामियां मिलीं। तैयार पनीर के पैकेट पर कंपनी का नाम और उत्पाद का नाम अंकित नहीं था। इसके अलावा पैकेजिंग और लेबलिंग में भी नियमों के विपरीत जानकारी मिली। फैक्ट्री में नमक और शक्कर भी बड़ी मात्रा में रखी हुई मिली। अधिकारियों ने बरामद करीब 25 क्विंटल पनीर को सील कर दिया है।
एक सप्ताह में दूसरी बार कार्रवाई
रुद्रांश डेयरी में एनालॉग पनीर पकड़े जाने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने इसी फैक्ट्री पर कार्रवाई कर दो क्विंटल से अधिक एनालॉग पनीर जब्त किया था। इसके बावजूद उत्पादन जारी रहने पर विभाग ने दोबारा छापा मारा। प्रदेश में 12 अगस्त से एनालॉग पनीर के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध लागू होने के बाद भी डेयरी में इसका उत्पादन जारी पाया गया। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पनीर मिलने से खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। संयुक्त टीम ने मौके से मिले करीब 25 क्विंटल एनालॉग पनीर को जब्त कर सील कर दिया है। विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाने और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

