सीहोरः सोनकच्छ टोल के पास अमोनिया गैस से भरे टैंकर में हुआ रिसाव, टला बड़ा हादसा
- कलेक्टर-एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा
सीहोर, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में दोराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनकच्छ टोल प्लाजा के समीप गुरुवार सुबह अमोनिया गैस से भरे एक टैंकर में अचानक रिसाव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अमला तत्काल सक्रिय हो गया। सूचना पर कलेक्टर बालागुरू के. एवं पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, अमोनिया गैस से भरा एक टैंकर राजस्थान के कोटा से महाराष्ट्र के नागपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सोनकच्छ टोल के पास तकनीकी खराबी के कारण टैंकर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। टैंकर चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित करते हुए मौके पर मोर्चा संभाल लिया। पुलिस अधिकारियों ने सबसे पहले टैंकर को टोल प्लाजा के पास सुरक्षित स्थान पर रुकवाया और आसपास के क्षेत्र को खाली कराया। हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी गई और जरूरत पड़ने पर यातायात को नियंत्रित किया गया। सुरक्षा एजेंसियों की तेज कार्रवाई और प्रशासनिक सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। यदि गैस आबादी वाले क्षेत्र तक पहुंच जाती तो स्थिति भयावह हो सकती थी।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने बताया कि दोराहा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टैंकर को सुरक्षित स्थान पर रुकवाकर क्षेत्र को सील कर दिया तथा यातायात को नियंत्रित किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और फायर ब्रिगेड की टीमों को भी मौके पर तैनात किया गया। विशेषज्ञों की निगरानी में रिसाव पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की बड़ी दुर्घटना की आशंका समाप्त हो गई। जिला प्रशासन की सतर्कता, सूझबूझ और तत्परता के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर मौजूद एसडीओपी पूजा शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल सक्रिय हो गए थे। सभी एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं और रिसाव को पूरी तरह बंद करने के लिए तकनीकी प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है तथा आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

