home page

राजगढ़ः सीमावर्ती किला अमरगढ़ अब हाईटेक निगरानी में,16 आईपी कैमरों से होगी 24 घंटे मॉनिटरिंग

 | 
राजगढ़ः सीमावर्ती किला अमरगढ़ अब हाईटेक निगरानी में,16 आईपी कैमरों से होगी 24 घंटे मॉनिटरिंग


राजगढ़, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेड के राजगढ़ जिले की राजस्थान और गुना सीमा से सटी ग्राम पंचायत किला अमरगढ़ अब हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था से लैस हो गई है। राजगढ़ पुलिस के ऑपरेशन चक्षु-360 अभियान के तहत गांव में 16 अत्याधुनिक आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके जरिए पूरे गांव की चैबीसों घंटे निगरानी की जाएगी।

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी और जनपद पंचायत राजगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष जोशी ने शुक्रवार को किला अमरगढ़ पहुंचकर सीसीटीवी नेटवर्क एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत द्वारा पुलिस के मार्गदर्शन में गांव के प्रमुख चैराहों, मुख्य मार्गों और प्रवेश-निकास बिंदुओं पर कैमरे स्थापित किए गए हैं। राजस्थान और गुना जिले की सीमा से लगे होने के कारण यहां बाहरी लोगों और वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे सुरक्षा की दृष्टि से यह क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच गजराज सिंह तंवर को सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचार और ऑपरेशन चक्षु-360 अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने कहा कि यह सीसीटीवी नेटवर्क चोरी, वाहन चोरी, नकबजनी, लूट सहित अन्य अपराधों की रोकथाम और त्वरित खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कैमरों की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की पहचान आसान होगी तथा वैज्ञानिक साक्ष्य मिलने से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी संभव हो सकेगी। उन्होंने इसे जनसहभागिता से विकसित एक आदर्श मॉडल बताते हुए कहा कि यह पहल जिले की अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक