राजगढ़ में 160 लीटर कच्ची शराब के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
राजगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मलावर थाना पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 160 लीटर हाथभट्टी की कच्ची शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 32 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों महिलाओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जिला जेल राजगढ़ भेज दिया गया।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लखनवास बड़ली में दो महिलाएं अवैध रूप से कच्ची शराब बेचने के लिए बैठी हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों महिलाओं ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में महिलाओं की पहचान श्यामा बाई (30) पत्नी नैनसिंह कंजर और रश्मिबाई (26) पत्नी नितेश कंजर, निवासी नई दिल्ली कंजर डेरा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 40-40 लीटर क्षमता वाली चार केन में कुल 160 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। शराब रखने और बिक्री के संबंध में वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने शराब जब्त कर ली।
पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजने के आदेश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

