राजगढ़ःनई दिल्ली कंजर डेरा में पुलिस की कार्रवाई, 450 लीटर अवैध शराब जब्त, पांच पर प्रकरण दर्ज
राजगढ़,2 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ क्षेत्र स्थित नईदिल्ली कंजरडेरा पर विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 450 लीटर अवैध शराब जब्त की है। साथ ही कच्ची शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे करीब 2 हजार लीटर महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में पांच आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जबकि सभी आरोपित फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी वीरेन्द्र धाकड़ ने मंगलवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मिनी शुक्ला के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत विभिन्न थानों की संयुक्त पुलिस टीमों ने नई दिल्ली कंजर डेरा में सघन सर्चिंग और दबिश कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 450 लीटर अवैध शराब बरामद की, जिसमें देशी, अंग्रेजी एवं कच्ची शराब शामिल है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 1.61 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किया जा रहा करीब 2 हजार लीटर महुआ लहान भी बरामद हुआ,जिसे पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
पुलिस ने मामले में महेश पुत्रग गोरेलाल कंजर, गोकुल पुत्र सीताराम कंजर, कपिल पुत्र बब्लू कंजर, अरुण पुत्र भारतसिंह कंजर और बब्लू पुत्र जगदीश कंजर सर्वनिवासी नईदिल्ली कंजरडेरा के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपित कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी नरसिंहगढ़ वीरेन्द्र धाकड़, कुरावर थाना प्रभारी जितेन्द्र मावई, थानाप्रभारी पचोर शकुंतला बामनिया, निरीक्षक अनिल राय, कमलेश सोनी, तलेन थाना प्रभारी धर्मवीर पलैया, बोड़ा थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत सहित पुलिसबल मौजूद रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को और मजबूती मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

