home page

ग्वालियर में भितरवार गढ़ी रियासत के वंशज ने की खुदकुशी, लाइसेंसी राइफल से सीने में मारी गोली

 | 
ग्वालियर में भितरवार गढ़ी रियासत के वंशज ने की खुदकुशी, लाइसेंसी राइफल से सीने में मारी गोली


ग्वालियर, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर भितरवार गढ़ी रियासत के शासक परिवार के वंशज हनुमत सिंह राजावत ने गुरुवार तड़के ग्वालियर में खुदकुशी कर ली। उन्होंने एकता कॉलोनी स्थित घर में अपनी लाइसेंसी 315 बोर की राइफल से सीने में गोली मार ली। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे खुदकुशी का मामला मान रही है। घटना के बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

घटना गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। हनुमत सिंह की पत्नी उसी कमरे में सो रही थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि रात करीब 3:30 बजे फायरिंग की आवाज से नींद खुली। उठकर देखा ताे हनुमत सिंह के सीने में गोली लगी है। उनकी राइफल सीने पर ही टिकी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हनुमत सिंह करीब 20 साल से एकता कॉलोनी में रह रहे थे। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा मुंबई में रहता है, जबकि छोटा बेटा ग्वालियर में उनके साथ रहता था। परिजनों के मुताबिक हनुमत सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पिछले करीब दो महीने से बिस्तर पर थे। बीमारी के चलते वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से वह बार-बार कह रहे थे कि अब वे जीना नहीं चाहते।

गढ़ी रियासत के शासक परिवार से था संबंध

हनुमत सिंह राजावत का संबंध भितरवार थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव के जमींदार परिवार से था। उनके पूर्वज भितरवार गढ़ी रियासत के शासक रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उन्हें गढ़ी के राजपरिवार के वंशज के रूप में जाना जाता था। गढ़ी क्षेत्र में परिवार की जमीनें भी बताई जाती हैं।

एफएसएल टीम ने की घटनास्थल की जांच

घटना की सूचना मिलते ही माधौगंज थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संबंधित हथियार को कब्जे में लेकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल मामले को खुदकुशी मानकर जांच कर रही है। परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे