केंद्रीय मंत्री सिंधिया रविवार को देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग का लेंगे जायजा
ग्वालियर, 19 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया 20 और 21 सितंबर को दो दिवसीय ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे। ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी से ग्वालियर पहुंचेंगे और क्षेत्रों में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण करेंगे तथा जनसेवा एवं स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। केन्द्रीय मंत्री ग्वालियर दौरे के दौरान जल, टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग, चंबल पेयजल प्रोजेक्ट, शहरी परिवहन, स्वास्थ्य, सेवा एवं स्थानीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा करेंगे।
देश के पहले टीएमजेड का निरीक्षण
20 सितंबर को केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सबसे पहले ग्वालियर में शब्द प्रताप आश्रम जाएंगे और साधु-संत का आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद वे मुरैना के कोतवाल इंटेक वेल पहुंचकर चंबल पेयजल प्रोजेक्ट का स्थल निरीक्षण करेंगे। इस दौरान परियोजना की प्रगति एवं क्षेत्र में जल आपूर्ति से जुड़े विषयों की जानकारी लेंगे। ग्वालियर दौरे के दौरान सिंधिया ग्वालियर में स्थापित होने वाले देश के पहला एकीकृत टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के स्थल का भी निरीक्षण करेंगे। आपको बता दें कि केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश सरकार के बीच जुलाई 2026 में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन को लेकर समझौता हुआ है। इस परियोजना का उद्देश्य टेलीकॉम एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास तथा नवाचार के लिए एक एकीकृत औद्योगिक वातावरण तैयार करना है।
सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादिरादित्य सिंधिया TMZ का निरीक्षण करने के बाद राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इसके अलावा केन्द्रीय मंत्री ग्वालियर में विभिन्न बैठकों और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
मल्टीलेवल कार पार्किंग और एलिवेटेड रोड फेज-II का निरीक्षण
ग्वालियर दौरे के दूसरे दिन 21 सितंबर को केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया महाराज बाड़ा में मल्टीलेवल कार पार्किंग (MLCP) का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद आपागंज ब्रिज क्षेत्र में एलिवेटेड रोड फेज-II की प्रगति का जायजा लेंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर में यातायात व्यवस्था और पार्किंग सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े कार्यों की समीक्षा की जाएगी। सिंधिया ग्वालियर में आयोजित आरोग्य मेले में भी शामिल होंगे। इसके बाद बेला की बावड़ी सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
स्थानीय विकास कार्यों का भी जायजा
ग्वालियर दौरे के दौरान सिंधिया न्यू कलेक्ट्रेट रोड पर निर्माणाधीन नए कार्यालय भवन का स्थल निरीक्षण करेंगे। दो दिवसीय प्रवास के अंतिम चरण में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया विभूति सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान किया जाएगा।
गुना में विकास परियोजनाओं की दी सौगात
ग्वालियर दौरे से पहले पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना और शिवपुरी प्रवास के दौरान क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

