सागरः 1 अप्रैल से मनेगा भव्य 'प्रवेश उत्सव', तिलक लगाकर होगा बच्चों का स्वागत
| Mar 30, 2026, 21:24 IST
सागर, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार, सागर जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 1 अप्रैल से नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ होने जा रहा है। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए 'स्कूल चलें हम' अभियान के अंतर्गत प्रथम चरण का 'प्रवेश उत्सव' हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
सागर कलेक्टर संदीप जीआर ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विद्यालयों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और अभिभावकों को ससम्मान आमंत्रित किया जाए। विद्यालय आने वाले नए विद्यार्थियों और उनके पालकों का भारतीय परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

