home page

सतना में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

 | 
सतना में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, युवक की मौत, तीन गंभीर घायल


सतना, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम कंदर के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार झल्लू यादव (25) पुत्र बच्चा यादव, निवासी दढ़वा, मानपुर फतेहगंज (उत्तर प्रदेश) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं राजमनी यादव (12), पीतम वर्मा (45) और राकेश मिश्रा (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से चल रही थी। मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही बरौंधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ट्रैक्टर की तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक और सभी घायल उत्तर प्रदेश के फतेहगंज क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे