सतना में टायर फटने के बाद पलटी बस, दो दर्जन यात्री घायल, 8 गंभीर रेफर
सतना, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनौर मोड़ पर शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस का टायर फटने से बड़ा सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें करीब 24 यात्री घायल हो गए। घायलों में से 8 को गंभीर हालत में जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। उपाध्याय ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 19 पी 0829 चित्रकूट से सतना की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सोनौर मोड़ के पास पहुंची, तभी अचानक तेज धमाके के साथ टायर फट गया। टायर फटते ही चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पलट गई। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
8 यात्री गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कुछ को गंभीर चोटों के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया है। गंभीर घायलों में सुनीता कोल (35) डोडामाफी, नंदी यादव (80) मुरमुरू, पान बाई यादव (60) मुरमुरू, तहसीलदार सिंह (55) ग्वालियर, अजय कुमार यादव (45) मझगवां के नाम शामिल है। इसके अलावा तीन यात्री निजी अस्पताल में इलाजरत हैं, जबकि शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
यात्रियों ने बताई आपबीती
ग्वालियर निवासी यात्री सोनपाल ने बताया कि वे चित्रकूट दर्शन के बाद मैहर जा रहे थे, तभी अचानक जोरदार धमाके के साथ टायर फट गया और बस पलट गई। वहीं, बरौंधा निवासी मुलायम ने बताया कि उन्हें सिर में चोट आई है और हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर टायर फटने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि वाहन की तकनीकी स्थिति और लापरवाही की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

