home page

सतना में बोरी में मिला युवक का शव, ग्रामीणों का हंगामा, पथराव-तोड़फोड़ के बीच हिरासत से भागा संदेही फिर पकड़ा गया

 | 
सतना में बोरी में मिला युवक का शव, ग्रामीणों का हंगामा, पथराव-तोड़फोड़ के बीच हिरासत से भागा संदेही फिर पकड़ा गया


सतना, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र के अमकुई गांव में तीन दिन से लापता युवक का शव मंगलवार सुबह स्कूल के पीछे झाड़ियों में बोरी में लिपटा मिला। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, कई वाहनों में तोड़फोड़ की और मौके पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

हंगामे के दौरान पुलिस हिरासत में लिया गया एक संदेही युवक पुलिस वाहन से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्काल पीछा कर उसे कुछ दूरी पर खेत की मेड़ से दोबारा पकड़ लिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस बल और वज्र वाहन तैनात किए गए। करीब साढ़े चार घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम कराने के लिए राजी हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को नागौद सिविल अस्पताल भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

तीन दिन से लापता था युवक

मृतक की पहचान अमकुई निवासी 20 वर्षीय अतुल कुशवाहा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, अतुल 1 अगस्त की रात करीब 9:25 बजे घर से निकला था, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह वापस नहीं लौटा। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने उसी दिन जसो थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने समय पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उनका कहना है कि यदि तत्काल कार्रवाई होती तो युवक की जान बचाई जा सकती थी।

संदेही से पूछताछ जारी

पुलिस ने उस युवक को हिरासत में लिया है, जिस पर अतुल को घर से बुलाने का आरोप है। शुरुआती पूछताछ में एक युवती से बातचीत को लेकर पुराने विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात मृतक, संदेही और उसके कुछ साथी एक साथ बैठे थे और शराब पी थी। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इसके बाद क्या घटनाक्रम हुआ।

तीन लाख रुपये निकालने के पहलू की भी जांच

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अतुल की जसो में मोबाइल की दुकान थी और उसने 1 अगस्त को इंडियन बैंक से तीन लाख रुपये निकाले थे। बताया जा रहा है कि इनमें से दो लाख रुपये घर और एक लाख रुपये दुकान में रखे गए थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना का इन पैसों से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस का कहना है कि शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि युवक की मौत कुछ दिन पहले हुई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे