सतना में समान नागरिक संहिता पर जनपरामर्श बैठक आयोजित, विभिन्न वर्गों से लिए गए सुझाव
सतना, 10 जून (हि.स.)। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अध्ययन एवं परीक्षण के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति द्वारा बुधवार को मध्य प्रदेश के सतना जिला पंचायत सभागार में जनपरामर्श बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न वर्गों, संगठनों और समुदायों के प्रतिनिधियों से सुझाव एवं राय प्राप्त की गई।
समिति के सदस्य एवं विधि विशेषज्ञ अनूप नायर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। समिति ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, विधि विशेषज्ञों, सामाजिक संगठनों तथा नागरिकों से उनके विचार और सुझाव आमंत्रित किए।
बैठक में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, महापौर योगेश ताम्रकार, नगर निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह परिहार, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार, जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बार काउंसिल के सदस्य, महिला एवं बाल अधिकार संरक्षण से जुड़े प्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न समुदायों के लोग उपस्थित रहे।
चर्चा के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने यूसीसी से जुड़े सामाजिक, कानूनी और प्रशासनिक पहलुओं पर अपने विचार रखे। समिति की ओर से बताया गया कि विभिन्न वर्गों से प्राप्त सुझावों और जनभावनाओं का अध्ययन कर आगे की परीक्षण एवं परामर्श प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक का उद्देश्य समान नागरिक संहिता के संबंध में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना तथा समाज के विभिन्न वर्गों की राय को अध्ययन प्रक्रिया में शामिल करना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

