सतनाः सामाजिक समरसता संकल्प अभियान का रथ पहुंचा सतना भाजपा कार्यालय में हुआ कलश वंदन
सतना, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में शुरू किए गए सामाजिक समरसता संकल्प अभियान का रथ शुक्रवार को पहुंचा। जिले में रथ के प्रवेश पर बेला में भव्य स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती पाण्डेय और रामपुर बाघेलान विधायक विक्रम सिंह ने रथ की अगवानी की।
रथ यात्रा सड़क मार्ग से रामपुर बाघेलान, माधवगढ़ होते हुए सतना पहुंची। सतना भाजपा कार्यालय में रथ के पहुंचने पर कलश पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान से पूजा कर अभियान की सफलताकी कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, भाजपा प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी, प्रदेश उपाध्यक्ष मनीषा सिंह एवं जिलाध्यक्ष भगवती पाण्डेय ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य समाज में समानता, सामाजिक सद्भाव और समरसता का संदेश प्रसारित करना है।
बताया गया कि यह अभियान गुरु पूर्णिमा 29 जुलाई 2026 से प्रारंभ होकर संतरविदास जयंती 20 फरवरी 2027 तक लगभग 6 महीने तक चलेगा। इस दौरान रथ जिले के गांव-गांव पहुंचकर समरसता का संदेश देगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी, विजय तिवारी, श्रीकृष्ण द्विवेदी, मुरारी सोनी, जयप्रकाश गुप्ता, राजेन्द्र दाहिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

