शोध केवल उपाधि नहीं, समाज और राष्ट्र के बदलाव का माध्यम बने : कुलगुरु
चित्रकूट, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट स्थित महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में नवप्रवेशित पीएचडी शोधार्थियों के लिए दीक्षारंभ गुरूवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने की। पीएचडी पाठ्यक्रम के वरिष्ठ शोधार्थियों की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में नवागंतुक शोधार्थियों को विश्वविद्यालय की अकादमिक परंपराओं, शोध प्रविधियों और संस्थान के मूल उद्देश्यों से परिचित कराया गया।
कुलगुरु प्रो. चौबे ने कहा कि चित्रकूट की धरती भगवान श्रीराम के वनवास काल से जुड़े प्रेरक प्रसंगों की साक्षी रही है। वहीं, विश्वविद्यालय के संस्थापक भारत रत्न नानाजी देशमुख का जीवन राष्ट्रसेवा और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। शोधार्थियों को इन मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज की वास्तविक समस्याओं और आवश्यकताओं से जुड़े विषयों पर शोध करना चाहिए। शोध का उद्देश्य केवल अकादमिक उपाधि प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देना होना चाहिए।
शोध की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों पर जोर
कुलसचिव प्रो. आंजनेय पांडेय ने शोध की गुणवत्ता के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण, विषय की गहन समझ, शोध प्रविधियों और आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग को महत्वपूर्ण बताया। शोध एवं विकास निदेशक प्रो. सुधाकर प्रसाद मिश्रा ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के शोध संबंधी प्रावधानों, नियमों और परिनियमों की जानकारी दी। उन्होंने शोधार्थियों से नियमित उपस्थिति और निर्धारित मानकों का पालन करने पर जोर दिया।
शोध निदेशालय के सुशील मिश्रा ने विश्वविद्यालय के बोध वाक्य ‘विश्वं ग्रामे प्रतिष्ठम्’ तथा वेदों में वर्णित ग्राम की अवधारणा का उल्लेख किया। उन्होंने चित्रकूट के प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक परिवेश को शोध के लिए अनुकूल बताया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रो. सुधाकर प्रसाद मिश्रा ने कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। कुलसचिव प्रो. आंजनेय पांडेय और उपस्थित संकायों के अधिष्ठाताओं का वरिष्ठ शोधार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया। मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। छात्राओं ने वंदे मातरम् का गायन किया। संचालन शोधार्थी जय नारायण पांडेय ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

