home page

चित्रकूट में बाढ़ का पानी उतरते ही राहत कार्य तेज, कलेक्टर ने संभाला मोर्चा

 | 
चित्रकूट में बाढ़ का पानी उतरते ही राहत कार्य तेज, कलेक्टर ने संभाला मोर्चा


सतना, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में लगातार हो रही वर्षा के बीच प्रशासन ने चित्रकूट में बाढ़ के बाद राहत और पुनर्व्यवस्था का काम तेज कर दिया है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने आपदा प्रबंधन दल सहित सभी संबंधित अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखते हुए स्वयं चित्रकूट में डेरा डाल रखा है। वे मंदाकिनी नदी के जलस्तर और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

मंदाकिनी नदी का जलस्तर कम होने के बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में सफाई, शुद्ध पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी है। चित्रकूट नगर परिषद के टैंकरों के माध्यम से नया गांव बाजार सहित सभी वार्डों में पेयजल पहुंचाया जा रहा है। वहीं सोहावल सहित जिले के सभी विकासखंडों में हैंडपंपों का जर्मेक्स और क्लोरीनेशन कराया जा रहा है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सर्वे के साथ दवाओं और क्लोरीन की गोलियों का वितरण किया जा रहा है। प्रशासन ने चित्रकूट क्षेत्र के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। प्रमोद वन सहित विभिन्न सड़कों पर जमा सिल्ट को हटाने का काम जारी है। शिवहरे धमाके के पास ट्रैक्टर की मदद से बिजली आपूर्ति बहाल करने तथा धर्मशाला क्षेत्र से मलबा हटाने का कार्य भी लगातार किया जा रहा है।

कलेक्टर ने स्वयं पैदल प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने लोसरिहा सहित दूरस्थ मोहल्लों और आसपास के गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की तथा भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

इधर जैतवारा वार्ड सात, अकौना, इटमा, ऐरा, बिरसिंहपुर, रामपुर बघेलान, रंगौली, कोठी, इटौर-मैनपुरा और बर्दाडीह रेलवे फाटक क्षेत्र में भी राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं। इन क्षेत्रों में भोजन के पैकेट वितरित करने के साथ राहत शिविरों, मकान क्षति और फसल नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। कोठी में बाढ़ की चपेट में आए पांच परिवारों को नगर परिषद भवन में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया है।

जन अभियान परिषद के सदस्यों ने सेमरवाल नदी में फंसे यात्रियों तक दवा और पानी पहुंचाया। वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेंद्र सिंह सफाई कार्य में जुटे कर्मचारियों का उत्साह बढ़ा रहे हैं।

सेवा संकल्प ने चित्रकूट भेजे भोजन के पैकेट

बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सतना की सामाजिक संस्था सेवा संकल्प ने भी राहत सामग्री भेजी है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के निर्देशन में तैयार किए गए हजारों भोजन के पैकेट दो छोटे मालवाहक वाहनों के माध्यम से चित्रकूट रवाना किए गए। नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गोंडा ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

निगम आयुक्त ने कहा कि सेवा संकल्प केवल सतना ही नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का उल्लेखनीय सेवा प्रकल्प है। संस्था पिछले 16 वर्षों से प्रतिदिन जरूरतमंद लोगों को दोनों समय भोजन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि आपदा की परिस्थितियों में इस तरह के सेवा कार्य समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी