home page

सतनाः कलेक्टर-एसपी ने चित्रकूट दीपावली मेले की तैयारियों का लिया जायजा

 | 
सतनाः कलेक्टर-एसपी ने चित्रकूट दीपावली मेले की तैयारियों का लिया जायजा


सतना, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में 6 से 10 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले दीपावली अमावस्या मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। गुरुवार को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने चित्रकूट पहुंचकर कामदगिरि परिक्रमा मार्ग, प्रमुख घाटों, पुलों और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता से व्यवस्थाएं समय के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कार एसपी ने भरत घाट, राघव प्रयाग घाट, पीपा पुल, उतारा पुल और हनुमान धारा क्षेत्र का जायजा लिया। कलेक्टर ने पर्यटन विभाग को घाटों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। नगर परिषद चित्रकूट को घाटों और उतारा पुल पर लगी रेलिंग की रंगाई-पुताई कर उन्हें व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए कहा गया।

दो दिन में पानी रोकने की व्यवस्था के निर्देश

उतारा पुल पर मंदाकिनी नदी के पानी को रोकने के लिए फाटक लगाने की व्यवस्था भी निरीक्षण का प्रमुख बिंदु रही। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पुल के गेट बंद कर दो दिन के भीतर पानी रोकने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस कार्य के लिए चित्रकूट नगर परिषद की ओर से जेसीबी मशीन की मदद से काम कराया जा रहा है।

मेला बाजार की व्यवस्थाओं पर भी जोर

कलेक्टर और एसपी ने नगर परिषद के मेला बाजार सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण कर मेले के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। घाटों, पुलों और परिक्रमा क्षेत्र में साफ-सफाई, सुरक्षा तथा आवागमन की व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और परिक्रमा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का जोर मेले से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने पर है, ताकि दीपावली अमावस्या के अवसर पर चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और सुरक्षित माहौल मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी