home page

चित्रकूट दीपावली मेले में श्रद्धालुओं की राह में रोड़ा बना सतना मार्ग, 20.64 करोड़ खर्च के बावजूद बदहाल सड़कें

 | 
चित्रकूट दीपावली मेले में श्रद्धालुओं की राह में रोड़ा बना सतना मार्ग, 20.64 करोड़ खर्च के बावजूद बदहाल सड़कें


सतना, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले की धर्मनगरी चित्रकूट में पांच दिवसीय दीपावली अमावस्या मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। घाटों की सफाई, परिक्रमा मार्ग की व्यवस्था, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार 25 से 30 लाख श्रद्धालु भगवान कामतानाथ के दर्शन और मंदाकिनी नदी में दीपदान के लिए चित्रकूट पहुंचेंगे। हालांकि, श्रद्धालुओं की इस बड़ी भीड़ के आगमन से पहले सतना से चित्रकूट तक बदहाल सड़कें बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।

कोठी से मझगवां होते हुए चित्रकूट की ओर बढ़ने पर सड़क की दुर्दशा साफ दिखाई देने लगती है। कहीं डामर उखड़ चुका है, तो कहीं गहरे गड्ढे हैं। कई स्थानों पर सड़क की स्थिति बेहद खराब है। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए चित्रकूट तक का सफर किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। इसके विपरीत उत्तर प्रदेश की सीमा की ओर से चित्रकूट पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बताई जा रही है। मध्य प्रदेश की ओर से आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को गड्ढों के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

सतना से चित्रकूट जाने वाले मार्ग पर कोठी क्षेत्र से ही सड़क की खराब स्थिति सामने आने लगती है। हीरौंदी, मझगवां, पिंडरा, चचैरहा, गोदावरी सहित चित्रकूट क्षेत्र के कई हिस्सों में सड़क उखड़ी हुई है। गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालकों को सड़क के दूसरे हिस्से में जाना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

बारिश के बाद सड़क की हालत और खराब हो गई है। दीपावली मेले से पहले मरम्मत का काम शुरू किया गया है, लेकिन सवाल यह है कि क्या लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले काम पूरा हो सकेगा। मेले के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में बदहाल सड़कें परेशानी का कारण बन सकती हैं।

दीपावली मेले की तैयारियों के मद्देनजर कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने चित्रकूट क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कोठी बायपास और मझगवां बायपास के पास चल रहे सड़क मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

चित्रकूट-सतना मार्ग की मरम्मत के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। हालांकि, मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए मरम्मत कार्य की गति और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

सतना-मझगवां-चित्रकूट मार्ग पर सड़क निर्माण और जाम से मुक्ति के लिए करीब 20.64 करोड़ रुपये की लागत से कार्य स्वीकृत होने की जानकारी है। इसके बावजूद बायपास के आसपास सड़क की खराब स्थिति पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई जा रही है।

पांच दिवसीय दीपावली मेले को देखते हुए चित्रकूट में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं। परिक्रमा मार्ग सहित धर्मनगरी के प्रमुख रास्तों को खाली रखने के लिए दुकानदारों से सहयोग की अपील की जा रही है। अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को समझाया जा रहा है कि वे सड़कों और रास्तों पर अतिक्रमण न करें तथा आवागमन में बाधा बनने वाली सामग्री हटा लें।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी