33 साल बाद रीवा से आगे बढ़ेगी यात्री ट्रेन, देवेन्द्र नगर से चुरहट तक शुरू होगी मेमू सेवा
सतना, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में रेल संपर्क को विस्तार देने की तैयारी पूरी हो गई है। ललितपुर-सिंगरौली रेलखंड पर देवेन्द्र नगर से चुरहट के बीच 24 अक्टूबर को दो मेमू ट्रेनों का उद्घाटन किया जाएगा। रेलमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही लंबे समय से यात्री ट्रेन का इंतजार कर रहे क्षेत्र के लोगों को रेल सुविधा मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।
उद्घाटन के अवसर पर नागौद में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सतना सांसद गणेश सिंह, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा सहित स्थानीय विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। विशेष समय-सारणी के अनुसार, दोपहर दो से तीन बजे के बीच दोनों मेमू ट्रेनों को रवाना किया जाएगा।
रेलवे की योजना के अनुसार, एक मेमू ट्रेन नागौद से देवेन्द्र नगर होते हुए सतना तक चलेगी, जबकि दूसरी ट्रेन चुरहट से रीवा के बीच संचालित की जाएगी। देवेन्द्र नगर से चुरहट के बीच लगभग 166 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग पर यात्री ट्रेन की सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन के अगले दिन यानी 25 अक्टूबर से मेमू ट्रेनों का नियमित संचालन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार शुरू होगा। इससे अब तक सड़क मार्ग पर निर्भर रहने वाले सीधी और पन्ना जिले के यात्रियों को रेल से सफर करने का विकल्प मिलेगा।
इस रेल सेवा का विस्तार इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वर्ष 1993 में रीवा तक शटल ट्रेन पहुंची थी। इसके बाद लगभग 33 वर्षों तक यात्री ट्रेन का संचालन रीवा से आगे नहीं बढ़ सका। अब चुरहट तक मेमू ट्रेन चलाने की तैयारी के साथ इस रेलखंड पर यात्री सेवाओं के विस्तार की उम्मीद पूरी होती दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, रीवा से आगे चुरहट की दिशा में पांच रेलवे स्टेशन हैं। इन स्टेशनों पर आवश्यक व्यवस्थाएं करने के साथ टिकट काउंटर भी तैयार कर लिए गए हैं। रीवा से चुरहट के बीच चार स्टेशनों पर मेमू ट्रेन का ठहराव प्रस्तावित है।
मेमू सेवा शुरू होने से विंध्य क्षेत्र के यात्रियों को बुंदेलखंड की ओर रेल संपर्क का लाभ मिलने की उम्मीद है। सीधी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी यह सुविधा महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि अब तक इस दिशा में यात्रा के लिए सड़क मार्ग पर निर्भरता अधिक थी।
नई यात्री सेवा को लेकर क्षेत्र में उत्साह है। लंबे समय से रेल सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को उम्मीद है कि मेमू ट्रेनों के संचालन से आवागमन आसान होगा और आसपास के क्षेत्रों का रेल संपर्क मजबूत होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

