home page

सोमवती अमावस्या पर चित्रकूट में उमड़ा आस्था का सैलाब, मंदाकिनी में स्नान कर श्रद्धालुओं ने की कामतानाथ परिक्रमा

 | 
सोमवती अमावस्या पर चित्रकूट में उमड़ा आस्था का सैलाब, मंदाकिनी में स्नान कर श्रद्धालुओं ने की कामतानाथ परिक्रमा


सतना, 15 जून (हि.स.)। सोमवती अमावस्या के अवसर पर धार्मिक नगरी चित्रकूट में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। लाखों श्रद्धालु सुबह से ही धर्मनगरी पहुंचे और पवित्र मंदाकिनी नदी में स्नान कर भगवान कामतानाथ स्वामी के दर्शन एवं परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

सोमवती अमावस्या के कारण रामघाट, कामतानाथ परिक्रमा मार्ग, मंदिरों और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य और परिवार की खुशहाली के लिए व्रत रखा। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पीपल वृक्ष की पूजा कर उसकी परिक्रमा की। श्रद्धालुओं ने पीपल की जड़ों में जल अर्पित किया तथा भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान शिव का स्मरण करते हुए वृक्ष पर कच्चा सूत बांधकर 108 परिक्रमा की।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। प्रमुख घाटों, परिक्रमा मार्ग, चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सोमवती अमावस्या के इस विशेष अवसर पर चित्रकूट में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों, पूजन और दर्शन का सिलसिला जारी रहा तथा पूरा क्षेत्र भक्ति और श्रद्धा के माहौल से सराबोर नजर आया।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी