home page

चित्रकूट में मंदाकिनी के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की बनाई गई रूपरेखा

 | 
चित्रकूट में मंदाकिनी के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की बनाई गई रूपरेखा


सतना, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के संरक्षण और उसे निर्मल-अविरल बनाए रखने की मुहिम के तहत दीनदयाल शोध संस्थान ने राजापुर क्षेत्र के भदेदु स्थित मंदाकिनी (पैसुनी) और यमुना नदी के संगम स्थल के विकास की पहल की है।

गुरुवार को संस्थान के राष्ट्रीय संगठन सचिव अभय महाजन ने ग्रामीणों के साथ संगम क्षेत्र का भ्रमण कर उसके संरक्षण, स्वच्छता और सौंदर्याकरण पर चर्चा की। भ्रमण के दौरान अभय महाजन ने संगम स्थल को सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण में जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नदी तट पर अतिक्रमण और गंदगी की समस्या से बचने तथा पूजा सामग्री, पॉलिथीन और अन्य अपशिष्ट नदी में प्रवाहित नहीं करने की बात कही।

इसके बाद ग्रामीणों के साथ बैठक में संगम स्थल को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। ग्रामीणों से स्थल की मौजूदा स्थिति, आवश्यक सुविधाओं और विकास संबंधी सुझाव भी लिए गए। संस्थान की पहल का उद्देश्य धार्मिक महत्व वाले इस संगम की प्राकृतिक पहचान और गरिमा को सुरक्षित रखते हुए इसे बेहतर स्वरूप देना है। इस दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह, तुलसी कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. राजेंद्र सिंह नेगी तथा कृषि वैज्ञानिक कमला शंकर शुक्ला सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी