home page

राजगढ़ः संत रविदास का संदेश लेकर निकली कलश यात्रा, समरसता का लिया संकल्प

 | 
राजगढ़ः संत रविदास का संदेश लेकर निकली कलश यात्रा, समरसता का लिया संकल्प


राजगढ़, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संत शिरोमणि श्री रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को मंगल भवन से समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संत रविदास के समानता, सद्भाव, प्रेम, मानव कल्याण और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास महाराज के पूजन से हुई। इसके बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत का गायन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार, सांसद रोडमल नागर, विधायक हजारीलाल दांगी, अमर सिंह यादव,मोहन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा व प्रताप मंडलोई, कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने जिले की सभी विधानसभाओं के लिए कलश भेंट किए। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर कलश यात्रा रवाना की।

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि संत रविदास जैसे महापुरुषों ने सहज भाषा में समाज को श्रेष्ठ कर्म, एकता और मानव कल्याण का संदेश दिया। सरकार अपना काम कर रही है, लेकिन समाज को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। हमारे पूर्वज और रक्त एक हैं। ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना को मजबूत रखना सभी का दायित्व है।

सांसद रोडमल नागर ने कहा कि महापुरुष किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की धरोहर होते हैं। अस्पृश्यता और छुआछूत को केवल भाषणों से नहीं, बल्कि व्यवहार में बदलाव लाकर समाप्त करना होगा। उन्होंने शिक्षा, नशामुक्ति, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने संत रविदास के जीवन और विचारों को याद करते हुए कहा कि “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का संदेश आज भी समाज को समानता और सद्भाव की राह दिखाता है। विधायक हजारीलाल दांगी, मोहन शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर ने भी यात्रा को सामाजिक एकता का माध्यम बताते हुए लोगों से उत्साहपूर्वक स्वागत करने की अपील की। यात्रा के दौरान नागरिकों ने सहभागिता कर सामाजिक समरसता, शिक्षा, नशामुक्ति और मानव कल्याण का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक