home page

राजगढ़ः संत कालीचरण महाराज का भव्य स्वागत, शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

 | 
राजगढ़ः संत कालीचरण महाराज का भव्य स्वागत, शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब


राजगढ़, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में राष्ट्रीय संत कालीचरण महाराज के प्रथम आगमन पर सोमवार को शहर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग गया।

संत के स्वागत के लिए नगर में भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर संत के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। पूरे शहर में भगवा ध्वज, धार्मिक जयकारों और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय नजर आया।

संत कालीचरण महाराज की अगवानी गुना बायपास स्थित कमला लॉज से की गई। यहां बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा श्रद्धालु मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के बाद भव्य चल समारोह प्रारंभ हुआ, जो गुना बायपास से निकलकर एबी रोड, पीपल चौराहा, मुख्य बाजार और राजगढ़ रोड होते हुए वल्लभा परिसर पहुंचा। चल समारोह के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर संत का स्वागत किया।

विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत मंच लगाए गए, जहां संत का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी। शोभायात्रा में महिलाओं ने मंगल कलश लेकर भागीदारी की, वहीं युवाओं ने व्यवस्था संभालते हुए आयोजन को सफल बनाया। संत के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

यह आयोजन ओम काली सेवा न्यास ब्यावरा के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तहत किया जा रहा है। महोत्सव के दूसरे दिन 28 जुलाई को शाम 6ः30 बजे मां काली मंदिर पीपल चैराहा पर काली पूजन एवं महाआरती होगी। वहीं 29 जुलाई को सुबह 9 बजे वल्लभा परिसर में विशेष काली हवन, गुरु दीक्षा और महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने धर्मप्रेमी नागरिकों से कार्यक्रमों में शामिल होकर गुरु कृपा एवं मां काली का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक